सिलीगुड़ी, 22 सितंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के नया बाजार अग्रसेन रोड इलाके में एक स्वर्ण आभूषण की दुकान का शटर तोड़कर करीब 8 लाख रुपये नकद चोरी करने के मामले में खालपाड़ा चौकी की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिव चौधरी (23) उर्फ बांटा के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 16 सितंबर की सुबह नया बाजार अग्रसेन रोड स्थित ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। दुकान मालिक की शिकायत के मुताबिक, दुकान के अंदर से करीब 8 लाख रुपये नकद चोरी हुए थे। शिकायत के बाद खालपाड़ा चौकी की पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर चोरी में शामिल संदिग्ध की पहचान की। इसके बाद सोमवार रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने हेमंत बसु कॉलोनी इलाके से शिव चौधरी उर्फ बांटा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेने की मांग की है। पूछताछ के जरिए पुलिस चोरी हुई करीब 8 लाख रुपये की नकदी बरामद करने का प्रयास कर रही है।




