राजगंज में दर्दनाक सड़क हादसा, दो कॉलेज छात्रों की मौत

राजगंज, 7 फरवरी (नि.सं)। भीषण सड़क दुर्घटना में दो कॉलेज छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए है। यह हादसा राजगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आमबाड़ी–हाथीमोड़ राज्य सड़क पर तुतबागान इलाके में हुआ।


स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आमबाड़ी की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक हाथीमोड़ की दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान तुतबागान क्षेत्र में सड़क पर खड़े एक बड़े कंटेनर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। आरोप है कि कंटेनर को मोड़ने के दौरान फंस जाने के कारण वह वाहन रात से ही सड़क के एक बड़े हिस्से पर खड़ा था। सुबह घने कोहरे की वजह से बाइक सवार उसे देख नहीं पाए और हादसा हो गया।

इस दुर्घटना में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान मोगराडांगी के डांगापाड़ा निवासी कर्णदेव मंडल और आमबाड़ी निवासी शुभाशीष उरांव के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल युवक का नाम दीपंकर मजूमदार है, जिसे इलाज के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही राजगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *