फुलबाड़ी, 3 सितंबर (नि.सं.)। फुलबाड़ी के पुटिमारी इलाके में तीन सीसी सड़कों का निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी है। फुलबाड़ी- 2 नंबर ग्राम पंचायत के 291 नंबर बूथ के पुटिमारी क्षेत्र में गुरुवार को इन तीन सड़कों का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। डाबग्राम-फुलबाड़ी-1 नंबर मंडल के नेतृत्व में पंचायत सदस्यों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में काम की शुरुआत हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से बारिश के मौसम में सड़कों पर पानी जमा हो जाता था, जिससे आवागमन में काफी परेशानी होती थी। अब नई सड़क का निर्माण शुरू होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। बताया गया है कि करीब 3 लाख 88 हजार रुपये की लागत से तीनों सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
डाबग्राम-फुलबाड़ी-1 नंबर मंडल के अध्यक्ष राहुल बर्मन ने कहा कि पुटिमारी का यह इलाका मुख्य रूप से मुस्लिम बहुल है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य पार्टी या धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि लोगों की जरूरत के अनुसार विकास कार्यों को पहुंचाना है। उन्होंने आने वाले दिनों में फुलबाड़ी-1 और 2 नंबर अंचल समेत विभिन्न क्षेत्रों में और विकास कार्य किए जाने की बात कही है।




