सिलीगुड़ी, 3 नवंबर (नि.सं)। पत्नी से मुलाकात न होने के कारण गुस्से में मौसी सास पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी दामाद को माटीगाड़ा थाना की सफेद पोशाक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम नूर आलम है। वह फांसीदेवा का निवासी बताया गया है। पुलिस ने हमलावर दामाद को बीते कल माटीगाड़ा के लेलिन कॉलोनी से गिरफ्तार किया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले बुधवार रात करीब 8 बजे माटीगाड़ा रामकृष्ण पाड़ा की एक अंधेरी गली में भांगापुल की रहने वाली रंजू खातून नाम की महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया था। इस हमले के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर हालत में रंजू को माटीगाड़ा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां वह पिछले कई दिनों से चिकित्साधीन है। पुलिस को घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और घायल महिला से बातचीत के आधार पर आरोपी नूर के बारे में सुराग मिला। पुलिस की जांच में सामने आया कि यह हमला पारिवारिक कलह के कारण हुआ था। जानकारी के अनुसार रंजू की बड़ी बहन की बेटी से कुछ महीने पहले नूर की शादी हुई थी। लेकिन नूर पहले से ही शादीशुदा था। पहली पत्नी के मायके चले जाने के बाद उसने फिर दूसरी शादी की थी।
लेकिन दूसरी पत्नी भी घर छोड़कर चली गई। बाद में नूर ने सोशल मीडिया पर अपनी मौसी सास रंजू खातून के साथ पत्नी की कुछ तस्वीरें देखी थी। घटना वाले दिन आरोपी रंजू खातून के घर आया था। जहां पर उसने अपनी पत्नी से मिलने की बात की। जिसको लेकर रंजू और नूर का विवाद भी हुआ था। इसके बाद पत्नी से न मिलने के गुस्से में नूर ने रंजू पर जानलेवा हमला कर फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू करते हुए नूर को पकड़ने के लिए कई जगह दबिश दी। इस बीच मंगलवार को जब नूर अपने एक करीबी रिश्तेदार के घर लेलिन कॉलोनी पहुंचा। पुलिस को सूचना मिलते ही घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं, हमले में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार अभी तक बरामद नहीं हुआ है। पुलिस आज आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
