सिलीगुड़ी, 26 फरवरी (नि.सं)। सिलीगुड़ी में धमकी भरे फोन कॉल के बाद पासपोर्ट कार्यालय को हाई अलर्ट पर रखा गया। बताया गया कि कोलकाता स्थित रीजनल पासपोर्ट ऑफिस में एक संगठन के नाम से विस्फोट की धमकी दी गई, जिसके बाद पूरे देश के पासपोर्ट कार्यालयों को सतर्क कर दिया गया।
इसी क्रम में सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन क्षेत्र के परिवहन नगर स्थित पासपोर्ट कार्यालय में एहतियातन कामकाज तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। कर्मचारियों और आम लोगों को कार्यालय परिसर से बाहर निकाल दिया गया। करीब 4 से 5 घंटे तक पूरी तरह काम ठप रहा, जिससे दूर-दराज से आए लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अंतर्गत माटीगाड़ा थाना की पुलिस, डॉग स्क्वॉड, आईबी और सीआईडी बम स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। पूरे परिसर की गहन जांच की गई। कई घंटे की तलाशी के बाद किसी प्रकार का विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला।
सिलीगुड़ी पासपोर्ट कार्यालय के वरिष्ठ अधीक्षक सोमनाथ मित्रा ने बताया कि कोलकाता रीजनल ऑफिस से मिले अलर्ट के बाद सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल कार्यालय खाली कराया गया और पुलिस को सूचित किया गया।
वहीं सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन के डीसीपी राकेश सिंह ने बताया कि जांच के बाद सीआईडी बम स्क्वॉड से ग्रीन सिग्नल मिलने पर कामकाज दोबारा शुरू कर दिया गया।
फिलहाल धमकी देने वाले संगठन और कॉल के स्रोत की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की पड़ताल कर रही है।
