सिलीगुड़ी, 10 फरवरी (नि.सं.)। नागरिक सेवाओं को और अधिक सशक्त व गतिशील बनाने के उद्देश्य से सिलीगुड़ी नगर निगम ने एक साथ कई नई सेवाओं की शुरुआत की है। मंगलवार को सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव ने हरी झंडी दिखाकर बायो टॉयलेट वाहन, रिकवरी वैन, हाइड्रोलिक लैडर वाहन और दो एंबुलेंस का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर डिप्टी मेयर रंजन सरकार, चेयरमैन प्रतुल चक्रवर्ती, एमएमआईसी दुलाल दत्त, मानिक दे, कमल अग्रवाल सहित कई पार्षद उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के वार्ड नंबर 6 और 7 के पार्षदों को एंबुलेंस की चाबी और आवश्यक दस्तावेज सौंपे गए।
इसी बीच, बुधवार से ही सोलर सिस्टम से लैस बायो टॉयलेट वाहन शहर की सड़कों पर सेवा देना शुरू कर चुके हैं। इन बायो टॉयलेट वाहनों में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग चेंबर की व्यवस्था की गई है, जिससे आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
इस मौके पर मेयर गौतम देव ने कहा कि आधुनिक वाहनों और बेहतर बुनियादी ढांचे के माध्यम से नागरिक सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाना सिलीगुड़ी नगर निगम का मुख्य लक्ष्य है।
