सिलीगुड़ी में बेटे ने मां की गला रेत की हत्या, वारदात के बाद पुलिस को बुलाया

सिलीगुड़ी, 4 फरवरी (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के एक नंबर वार्ड से हत्या का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसके बारे में जानकर आप पूरी तरह से हैरान हो जाएंगे और आप सोच में पड़ जाएंगे कि कोई ऐसा भी कर सकता है क्या? दरअसल एक युवक ने घर में अपनी ही मां की हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद ही फोन कर पुलिस को बुलाया। इस घटना के बाद एक नंबर वार्ड अंतर्गत कुलीपाड़ा इलाके में सनसनी फैल गई है। मृत महिला का नाम कौशल्या मल्लिक है। जबकि बेटे का नाम अजय मल्लिक है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।


मिली जानकारी के अनुसार बेटे ने मां की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी और फिर खुद ही पुलिस को फोन कर दिया। मृतक कौशल्या मल्लिक और उनका बेटा अजय मल्लिक कई वर्षों से एक नंबर वार्ड में रहते थे। अजय एक बैंक में ठेका कर्मचारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मंगलवार शाम अजय के काम से लौटने के बाद मां-बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।जिसके बाद बेटे ने धारदार हथियार से मां का गला रेतकर हत्या कर दी। कुछ देर बाद उसने खुद ही प्रधाननगर थाने में फोन कर हत्या की जानकारी दी।

खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अजय को गिरफ्तार किया। पुलिस ने महिला का शव भी घर से बरामद कर लिया। पड़ोसियों ने बताया कि महिला दो बेटों के साथ रहती थी। महिला अक्सर नशे में धुत रहती थी। आज शाम को भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ था,लेकिन हत्या की जानकारी किसी को नहीं हुई थी। इलाके में पुलिस के पहुंचने के बाद इसकी जानकारी हुई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *