सिलीगुड़ी,23 जुलाई(नि.सं.)। सिलीगुड़ी में एक और एटीएम लूट की घटना सामने आई है। बुधवार तड़के ईस्टर्न बाईपास स्थित लोकनाथ मंदिर के पास एक एटीएम लूट कर बदमाश फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार बदमाश तड़के करीब 3:17 बजे एटीएम में घुसे। उन्होंने गैस कटर से मशीन को काटा और करीब 14 लाख रुपये लूट कर चंपत हो गए। जब बदमाश भाग रहे थे तब आशीघर चौकी की एक पुलिस वैन ने उनका पीछा किया। हालांकि,बदमाश फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि चार बदमाशों का एक गिरोह आया था। इसी दौरान बदमाशों ने अंबिकानगर से एक वाहन चुरा ली। उन्होंने उसी वाहन से एटीएम लूटकांड को अंजाम दिया। बाद में बदमाश वाहन को हिमाचल बिहार में छोड़कर दूसरी वाहन में फरार हो गए। पुलिस ने वाहन मालिक का पता लगा लिया है। अंबिकानगर से वाहन चुराने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
घटना के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले चंपासारी में भी एक एटीएम लूटा गया था। उस घटना में प्रधान नगर थाने की पुलिस ने हरियाणा के नूंह गैंग के तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। डीसीपी राकेश सिंह ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि गिरोह में चार लोग शामिल थे।
