जानकारी के अनुसार, रूट-1 के लिए निर्धारित टोटो को रूट-2 में चलते हुए देखा जा रहा है। वहीं, कई चालकों ने पुलिस की ओर से दिए गए क्यूआर कोड और रूट स्टीकर अभी तक अपने टोटो पर नहीं लगाए हैं।
नियमों की अनदेखी को देखते हुए जंक्शन ट्रैफिक गार्ड की ओर से विशेष अभियान शुरू किया गया है। अभियान के दौरान निर्धारित रूट के बजाय दूसरे रूट पर चलने वाले टोटो को रोककर कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा, जिन चालकों को क्यूआर कोड और रूट स्टीकर दिए जा चुके हैं, लेकिन उन्होंने उन्हें टोटो पर नहीं लगाया है, ऐसे वाहनों को भी चिन्हित किया जा रहा है।
पुलिस की ओर से मौके पर ही संबंधित टोटो पर क्यूआर कोड और रूट स्टीकर लगाए जा रहे हैं। साथ ही चालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने की चेतावनी दी जा रही है।
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक टोटो चालक को अपने निर्धारित रूट पर ही वाहन चलाना होगा। टोटो पर पुलिस की ओर से दिया गया क्यूआर कोड और रूट स्टीकर लगाना भी अनिवार्य है। जंक्शन ट्रैफिक गार्ड की ओर से बताया गया है कि अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वाले टोटो चालकों के खिलाफ आने वाले दिनों में और सख्त कार्रवाई की जाएगी।





