उत्तर बंगाल राज्य परिवहन की नई पहल, बस यात्रियों के लिए शुरू हुआ ‘स्मार्ट कार्ड सेवा’

सिलीगुड़ी, 28 फरवरी(नि.सं)। उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) की ओर से सिलीगुड़ी जंक्शन बस टर्मिनल में कई नई यात्री सुविधाओं का उद्घाटन किया गया। इन सेवाओं का शुभारंभ निगम के चेयरमैन पार्थप्रतिम राय ने किया।
इस दौरान स्मार्ट कार्ड सेवा, कैफेटेरिया, डॉर्मिटरी (रात्रि विश्राम कक्ष) और यात्रियों के लिए निर्धारित प्रतीक्षालय बैठने की व्यवस्था का उद्घाटन किया गया।


चेयरमैन पार्थप्रतिम राय ने बताया कि स्मार्ट कार्ड सेवा निगम के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। जो यात्री नियमित रूप से NBSTC की बसों में सफर करते हैं, उनके लिए यह कार्ड बेहद उपयोगी साबित होगा। बस में चढ़ते ही स्वाइप मशीन पर कार्ड टैप करते ही निर्धारित किराया स्वतः कट जाएगा। इससे यात्रियों को छुट्टे पैसे की समस्या से मुक्ति मिलेगी।

यह सेवा 1 अप्रैल से औपचारिक रूप से शुरू की जाएगी। उद्घाटन के अवसर पर प्रतीकात्मक रूप से तीन यात्रियों को स्मार्ट कार्ड प्रदान कर सेवा की शुरुआत की गई। एनबीएसटीसी की जिन-जिन रूटों पर बसें संचालित होती है, वहां यह कार्ड मान्य होगा।


इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए डॉर्मिटरी व्यवस्था भी शुरू की जा रही है। निर्धारित शुल्क पर कमरे उपलब्ध कराए जाएंगे और टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से इनके संचालन की जिम्मेदारी निजी एजेंसी को दी जाएगी। इसी तरह सिटिंग डॉर्मिटरी और कैफेटेरिया का संचालन भी निजी संस्था द्वारा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *