सिलीगुड़ी, 26 नवंबर (नि.सं)। कावाखाली ट्रैफिक गार्ड की पुलिस ने ओवर स्पीड वाहन चलाने एवं नियमों की अवहेलना करने के आरोप में सरकारी बोर्ड लगी वाहन के साथ एक नगर निगम कर्मी का भी चालान काटा है। मिली जानकारी के अनुसार कावाखाली ट्रैफिक गार्ड की टीम ने आज अभियान के दौरान तेज गति से आ रही सरकारी बोर्ड लगी एक वाहन को रोका। वाहन के कागजात की जांच के बाद ट्रैफिक पुलिस ने ओवर स्पीड वाहन चलाने के आरोप में चलान काटा। वहीं, दूसरे तरफ एक नगर निगम कर्मी तेज रफ्तार से बाइक चलाते हुए आ रहा था। जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने नगर निगम के कर्मी का भी ओवर स्पीड वाहन चालाने के आरोप में चालान काटा। कावाखाली ट्रैफिक गार्ड के अधिकारियों के अनुसार ट्रैफिक नियम आम नागरिक और सरकारी कर्मचारी के लिए एक समान है। सुरक्षा और सड़क अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से ऐसे अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। वहीं, कावाखाली ट्रैफिक गार्ड की तरफ से बताया गया कि ज्यादातर सड़क दुर्घटना तेज रफ्तार के कारण होती है। इसलिए दुर्घटना को रोकने के लिए स्पीड गन से वाहनों की रफ्तार पर नजर रखी जा रही है।
