सिलीगुड़ी, 10 फरवरी(नि.सं.)। भक्तिनगर थाने की एंटी क्राइम विंग ने चोरी गया एक मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी बरामद करते हुए घर की परिचारिका को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान साहिबा खातून के रूप में हुई है। वह सिलीगुड़ी के 42 नंबर वार्ड अंतर्गत विवेकानंद नगर की निवासी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले इलाके के एक घर से मोबाइल फोन चोरी हो गया था। इसके बाद बीते दिन घर के मालिक ने देखा कि एक सोने की अंगूठी भी गायब है। इस संबंध में भक्ति नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच में जुटी भक्ति नगर थाना की एंटी क्राइम विंग ने घर की परिचारिका से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसके बयान में असंगति पाए जाने पर पुलिस को संदेह हुआ। हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने उसके घर से चोरी गए मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी को बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी साहिबा खातून को आज जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है।
