जानकारी के अनुसार, रविवार शाम तीन छात्र फूलबाड़ी महानंदा बैराज में नहाने उतरे थे। इनमें से एक छात्र को बचा लिया गया, जबकि दो छात्र नदी में डूब गए। दोनों जोटियाकाली के पास स्थित नारायणा स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते थे। इनमें एक मालदा का रहने वाला था, जबकि दूसरा बांग्लादेश का निवासी बताया गया है।
घटना के बाद से ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमें दोनों लापता छात्रों की तलाश में जुटी थी। सोमवार रात तक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार तड़के फिर अभियान शुरू किया गया और दोनों छात्रों के शव एक साथ बरामद हुए।
बचाव दल के अधिकारी ने बताया कि दोनों शव एक-दूसरे के बिल्कुल पास मिले। आशंका है कि डूबते समय एक छात्र ने दूसरे का हाथ पकड़ रखा था, जिसके कारण दोनों के शव साथ मिले।





