फुलबाड़ी, 9 फरवरी (नि.सं.)। फुलबाड़ी के 12 नंबर बटालियन में ट्रेनिंग के दौरान एक सिविक वॉलंटियर की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पंकज बर्मन के रूप में हुई है, जो माथाभांगा थाना में सिविक वॉलंटियर के तौर पर कार्यरत थे।जानकारी के अनुसार, पंकज बर्मन ट्रेनिंग के लिए फुलबाड़ी स्थित 12 नंबर बटालियन के पुलिस बैरक में पहुंचे थे। बीती रात उन्होंने अपने साथियों के साथ भोजन किया और उसके बाद सोने चले गए। आज सुबह काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर जब सहकर्मी उनके कमरे में पहुंचे, तो पंकज बर्मन को निष्प्राण अवस्था में पड़ा पाया। घटना की सूचना मिलते ही बटालियन अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद अन्य सिविक वॉलंटियरों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए सिविक वॉलंटियरों ने बटालियन गेट के सामने जमा होकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अत्यधिक मानसिक दबाव और काम के बोझ के कारण पंकज बर्मन की मौत हुई है। साथ ही राज्य बजट में सिविक वॉलंटियरों के लिए केवल 1000 रुपये भत्ता बढ़ाने के फैसले पर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर की है।
हालांकि, पंकज बर्मन की मौत के वास्तविक कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।बटालियन गेट के सामने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना के बाद से इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
