दोस्तों के साथ तीस्ता कैनाल में नहाने गए दो किशोरों की डूबकर मौत, इलाके में शोक  

राजगंज, 2 जून (नि.सं.)। दोस्तों के साथ नहाने गए दो किशोरों की पानी में डूबकर मौत हो गई। मंगलवार दोपहर यह दर्दनाक हादसा फूलबाड़ी-गाजोलडोबा तीस्ता कैनाल रोड के पास पारोमुंडा इलाके में हुआ। मृतकों की पहचान दीप विश्वास और कृष्ण मंडल के रूप में हुई है। दोनों का घर फूलबाड़ी के अंबिकानगर इलाके में बताया जा रहा है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, चार दोस्त साइकिल से अंबिकानगर से पारोमुंडा स्थित तीस्ता सब-कैनाल में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान दीप और कृष्ण पानी में उतरे, लेकिन कुछ ही देर में अचानक डूबने लगे। यह देखकर उनके साथ आए दो अन्य दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।

सूचना मिलते ही भोरर आलो थाना और गाजोलडोबा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तलाश अभियान चलाकर दोनों किशोरों के शव पानी से बाहर निकाले गए। बाद में दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया गया। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस पुरे मामले की जांच में जुट गई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes