सिलीगुड़ी, 12 अप्रैल (नि.सं.)। शहर में एक बार फिर चोरी की घटना से हड़कंप मच गया है। इस बार एनजेपी थाना क्षेत्र के सूर्यसेन कॉलोनी स्थित एक मंदिर में दुस्साहसिक चोरी की वारदात सामने आई है। नगर निगम के वार्ड नंबर 34 के ब्लॉक ‘A’ में स्थित राधागोविंद मंदिर को निशाना बनाया गया।
जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने मंदिर की छत (सीलिंग) काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने प्रतिमा के माथे पर लगा सोने का टीका और दानपात्र तोड़कर करीब 20 से 25 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
रविवार सुबह जब मंदिर कमेटी के सदस्य पूजा के लिए पहुंचे, तब चोरी की घटना का पता चला। तुरंत एनजेपी थाने को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और पूरे मामले की तहकीकात कर रही है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में एनजेपी थाना क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही है। हालांकि कुछ मामलों में पुलिस को सफलता मिली है, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि चोरों का आतंक अब भी जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश जारी है।
