सिलीगुड़ी,16 दिसंबर (नि.सं)। पिछले पांच महीनों से डीए नहीं मिलने के कारण नाराज़ सारा बांग्ला तृणमूल शिक्षा बंधु समिति के सदस्यों ने उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को संगठन के सदस्यों ने रजिस्ट्रार को घेरकर बकाया डीए की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। आरोप है कि मुख्यमंत्री द्वारा महंगाई भत्ता बढ़ाने की घोषणा किए जाने के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन ने अब तक डीए नहीं बढ़ाया है। इससे पहले भी कुछ महीने पहले इसी मांग को लेकर कर्मचारियों ने कार्यबहिष्कार किया था, तब प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलने पर आंदोलन वापस ले लिया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
इसी कारण मंगलवार को सारा बांग्ला तृणमूल शिक्षा बंधु समिति की उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय शाखा के सदस्यों ने फिर से प्रशासनिक भवन में ताला लगाकर आंदोलन किया। इस विरोध प्रदर्शन के चलते विश्वविद्यालय के कई कर्मचारी और माइग्रेशन सर्टिफिकेट समेत विभिन्न कामों से आए छात्र-छात्राएं फंसे रह गए।
संगठन की उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय शाखा के अध्यक्ष रंजीत राय ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद संबंधित प्राधिकरण ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
वहीं, कार्यवाहक रजिस्ट्रार ने बताया कि इस मुद्दे पर उच्च शिक्षा विभाग को पत्र भेजा गया है। उपकुलपति के न होने से विश्वविद्यालय में कई तरह की समस्याएं बनी हुई है। आंदोलन के कारण विश्वविद्यालय के अनेक कामकाज ठप हो गए है। ऐसे में विश्वविद्यालय का संचालन कैसे होगा, यह कहना मुश्किल है।
