राजगंज, 9 सितंबर (नि.सं.)। राजगंज ब्लॉक के कुकुरजान ग्राम पंचायत के सरदार पाड़ा बीएफपी स्कूल में चोरी की घटना सामने आई है। चोर स्कूल से मिड-डे मील का सामान, किताबें, खेल सामग्री और एक भरा हुआ गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए। घटना का पता बुधवार सुबह शिक्षकों के स्कूल पहुंचने पर चला।
स्कूल पहुंचकर शिक्षकों ने देखा कि मुख्य कमरे के दरवाजे का हैज-बोल्ट का रिंग कटा हुआ था। अंदर जाने पर अलमारी के दरवाजे खुले मिले। मिड-डे मील का सामान रखने वाली अलमारी से कई सामग्री गायब थी। इसके अलावा किताबें और विद्यार्थियों के खेल के कुछ सामान भी चोर लेकर फरार हो गए।
स्कूल के प्रधान शिक्षक निमाई पाल ने बताया कि बुधवार सुबह रोज की तरह स्कूल पहुंचने के बाद जब वे मुख्य कमरे का दरवाजा खोलने गए, तभी उन्हें चोरी का पता चला। कमरे में अन्य सामान तो सही था, लेकिन अलमारियां खुली हुई थी और मिड-डे मील का सामान गायब था।





