सिलीगुड़ी, 20 मार्च (नि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 3 में पोस्टर लगाने को लेकर दो राजनीतिक दलों के बीच तीखा तनाव फैल गया। गुरुवार रात “Boycott BJP” लिखे पोस्टर लगाए जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ।
आरोप है कि वार्ड 3 के पार्षद रामभजन महतो की पहल पर ये पोस्टर लगाए जा रहे थे। भाजपा का दावा है कि पोस्टर पर “Boycott BJP” लिखा था, लेकिन यह नहीं बताया गया कि पोस्टर कौन लगा रहा है।
इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और तृणमूल पार्षद व समर्थकों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते तनाव में बदल गई। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची। भाजपा की ओर से चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराने के बाद रात में ही विवादित पोस्टर हटा दिए गए।
भाजपा उम्मीदवार शंकर घोष ने कहा कि रामभजन महतो और तृणमूल कार्यकर्ताओं के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत की जाएगी। तृणमूल जानबूझकर इलाके में अशांति फैलाने की कोशिश कर रही है।
वहीं, रामभजन महतो ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा उम्मीदवार अपनी हार को भांप चुके हैं, इसलिए अपने कार्यकर्ताओं के जरिए बेवजह तनाव पैदा करने की कोशिश की जा रही है।
