गर्मी में टॉय ट्रेन का नया रोमांच, तीन लग्जरी चार्टर्ड सेवाओं की शुरुआत

न्यूज़ डेस्क: टॉय ट्रेन से घूमने का प्लान बना रहे हैं? तो आपके लिए शानदार मौका है। इस गर्मी की छुट्टियों में दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) पर्यटकों के लिए खास रोमांचक अनुभव लेकर आया है। हेरिटेज टॉय ट्रेन यात्रा को पहाड़ी प्रकृति, जंगल, ट्रेकिंग, चाय बागान और गोरखा संस्कृति के साथ जोड़ते हुए तीन नई लग्जरी चार्टर्ड सेवाएं शुरू की जा रही है। वन विभाग के साथ संयुक्त पहल में इस तरह की शुरुआत देश में पहली बार हो रही है।


लग्जरी चार्टर्ड सर्विस की सबसे आकर्षक सेवा ‘महारानी ग्रेट एस्केप’ है। यह यात्रा 1920 में इंदिरा देवी की एक ऐतिहासिक रात्रि यात्रा पर आधारित है। दार्जिलिंग प्रवास के दौरान वह Windamere Hotel में एक कार्यक्रम में शामिल हुई थी और पूर्णिमा की रात अचानक टॉय ट्रेन से समतल की ओर रवाना हो गई थी।
मार्च से हर पूर्णिमा पर यह सेवा उपलब्ध होगी। शाम 5:30 बजे दार्जिलिंग से ट्रेन रवाना होगी। तीनधारिया, रंगटोंग और सुकना होते हुए गुलमा तक सफर कराया जाएगा। यात्रा के दौरान तिब्बती चाय, लोकसंस्कृति पर आधारित नृत्य-संगीत और रात्रिभोज का आयोजन होगा। चांदनी रात में चाय पत्तियां तोड़ने का दृश्य भी पर्यटक देख सकेंगे।

दूसरी सेवा ‘बाघिरा जंगल ट्रेल’ कर्शियांग वन विभाग के सहयोग से शुरू की जा रही है। टुंग से कर्शियांग तक इस विशेष यात्रा में सुबह 10 बजे डाउहिल में एकत्र होकर करीब दो घंटे का ट्रेकिंग अवसर मिलेगा। पर्यटक अपनी पसंद का ट्रेक रूट चुन सकेंगे। 
यात्रा में फॉरेस्ट म्यूज़ियम, हेवन व्यू प्वाइंट और एक प्राचीन बौद्ध मठ का भ्रमण शामिल रहेगा। इसके बाद कर्शियांग स्टेशन से टॉय ट्रेन द्वारा महानदी होते हुए Netaji सुभाष चंद्र बोस म्यूजियम भी ले जाया जाएगा। सुरक्षा के लिए वनकर्मी और गाइड मौजूद रहेंगे।


तीसरी सेवा ‘टी टिम्बर ट्रेल’ सुकना से तीनधारिया तक चलेगी। सुकना से चार्टर्ड टॉय ट्रेन रवाना होकर रंगटोंग स्थित सिपाहीझोड़ा टी गार्डन में रुकेगी। यहां पर्यटकों को चाय पत्तियां तोड़ने, चाय फैक्ट्री देखने और टी-टेस्टिंग का अनुभव मिलेगा। साथ ही स्थानीय व्यंजन और हस्तशिल्प वस्तुओं की खरीदारी की सुविधा भी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *