नक्सलबाड़ी, 10 फरवरी (नि.सं.)। नक्सलबाड़ी में सिगरेट न मिलने पर एक दुकान में तोड़फोड़ किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस मामले में दार्जिलिंग जिला युवक तृणमूल कांग्रेस के महासचिव पार्थसारथी मुखर्जी पर आरोप लगा है। घटना 6 फरवरी की देर रात की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नक्सलबाड़ी बस स्टैंड से सटे इलाके में तपन पाल नामक दुकानदार अपनी दुकान चला रहे थे। इसी दौरान पार्थसारथी मुखर्जी ने उनसे सिगरेट मांगी। आरोप है कि सिगरेट उपलब्ध न होने पर युवक तृणमूल नेता ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ कर दिया।
घटना के तीन दिन बाद दुकानदार ने लिखित शिकायत दर्ज कराई। वहीं, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नक्सलबाड़ी में विवाद और राजनीतिक हलचल तेज हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तृणमूल कांग्रेस की ओर से आरोपी नेता को शोकॉज किया गया है। दार्जिलिंग जिला तृणमूल कांग्रेस के चेयरमैन ने कहा कि यदि आरोप साबित होते हैं तो कानून अपने रास्ते पर चलेगा।
इधर, घटना के बाद भाजपा विधायक आनंदमय बर्मन ने पीड़ित दुकानदार से मुलाकात की और उनके परिवार से बातचीत की। आनंदमय बर्मन ने कहा कि ऐसी घटनाएं केवल नक्सलबाड़ी ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य में सामने आ रही हैं और पुलिस को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
