नक्सलबाड़ी,12 अप्रैल (नि.सं.)। तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार शंकर मालाकार ने प्रचार के दौरान भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस सीट पर अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी खड़े हो जाएं, तब भी भाजपा हार जाएगी।आज शंकर मालाकार ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ लगभग 15 किलोमीटर लंबी बाइक रैली निकाली। यह रैली नक्सलबाड़ी के रथखोला से शुरू होकर बस स्टैंड, रकमजोत, केटुगाबुर जोत, मल्लाबाड़ी, बड़ो मनिराम, छोटो मनिराम होते हुए हाथीघिसा के करीब 20 गांवों का दौरा करती हुई निकली। इस बाइक रैली के माध्यम से उन्होंने आम लोगों से समर्थन और वोट की अपील की।
इस मौके पर जिला चेयरमैन संजय टिबरेवाल, माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा के तृणमूल कोऑर्डिनेटर अरुण घोष सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। शंकर मालाकार ने कहा कि वह घर-घर पहुंचकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और जोरदार प्रचार चल रहा है। वहीं, सिलीगुड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इस सीट पर अगर मोदी भी खड़े होंगे तो हार जाएंगे। मोदी जितनी बार यहां आएंगे, भाजपा के वोट उतने ही कम होंगे।
