राजगंज में तृणमूल कांग्रेस की ‘उन्नयनेर पांचाली’ प्रचार यात्रा का शुभारंभ, विधायक ने दिखाई हरी झंडी

राजगंज,16 दिसंबर (नि.सं)। राजगंज में तृणमूल कांग्रेस की ओर से ‘उन्नयनेर पांचाली’ प्रचार यात्रा की शुरुआत हो गई है। मंगलवार को राजगंज विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के तत्वावधान में बेलाकोबा बटतला मोड़ से इस प्रचार यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा की शुरुआत राजगंज के विधायक खगेश्वर राय ने किया।
इस अवसर पर सदर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष अर्जुन मंडल, राजगंज पंचायत समिति की अध्यक्ष रूपाली दे सरकार, आईएनटीटीयूसी के ब्लॉक अध्यक्ष शेख उमर फारूक सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रधान एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


बताया गया कि आगामी वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य सरकार के पिछले 15 वर्षों के विकास कार्यों को आम जनता के सामने प्रस्तुत करने के उद्देश्य से तृणमूल कांग्रेस ने इस ‘उन्नयनेर पांचाली’ कार्यक्रम को अपनाया है। विकास कार्यों की सूची को लेकर विशेष पांचाली तैयार की गई है, जिसके माध्यम से सत्तारूढ़ दल चुनावी मैदान में उतरने जा रहा है। पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के निर्देश पर पहले ही पूरे राज्य में विकास कार्यों को लोगों तक पहुंचाने की घोषणा की गई थी।

इस संबंध में विधायक खगेश्वर राय ने कहा, आज से राजगंज विधानसभा क्षेत्र के 12 अंचल में 13 टोटो के माध्यम से ‘उन्नयनेर पांचाली’ प्रचार यात्रा शुरू की गई है। पिछले 15 वर्षों के विकास कार्यों का लेखा-जोखा इस पांचाली के जरिए जनता तक पहुंचाया जाएगा। लोकप्रिय गायिका इमन चक्रवर्ती द्वारा गाई गई गान ‘उन्नयनेर पांचाली’ को बजाते हुए अगले एक महीने तक इलाके-इलाके में प्रचार किया जाएगा। इसके साथ ही जनसंपर्क को और मजबूत करना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *