नक्सलबाड़ी, 26 सितंबर (नि.सं.)। किराए के मकान से गृहवधू का सड़ा-गला शव बरामद होने के मामले में नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम बिप्लव चौधरी है।
जानकारी के अनुसार, नेपाल में काम के सिलसिले में रहने के दौरान गंगारामपुर निवासी बिप्लव चौधरी का नेपाल के धुलाबाड़ी की रहने वाली हेमा मंडल से प्रेम संबंध हुआ था। करीब दो वर्ष पहले दोनों ने घर से भागकर शादी कर ली थी। शादी के बाद से दंपती नक्सलबाड़ी के रथखोला मोड़ स्थित किराए के मकान में रह रहे थे।
बताया गया है कि बिप्लव काम के सिलसिले में करीब एक सप्ताह से घर से बाहर था। वापस लौटने पर उसने घर में पत्नी का सड़ा-गला शव देखा। सूचना मिलने पर नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया।
घटना की सूचना मिलने के बाद हेमा के परिजन नेपाल से नक्सलबाड़ी पहुंचे। मृतका के पिता ने बेटी की मौत में दामाद का हाथ होने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पहले मृतका के पति को हिरासत में लिया। लंबी पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आज आरोपी को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया है।





