पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुभाषपल्ली निवासी नरेंद्र नाथ दाम की पत्नी पिछले कुछ समय से बीमार थी। उनकी देखभाल के लिए लाबनी राय उर्फ रिंकी नामक महिला को आया के तौर पर रखा गया था। आरोप है कि गत 8 तारीख को घर में काम करने के दौरान मौका पाकर लाबनी ने अलमारी से करीब एक भरी वजन की सोने की चेन और नकदी चोरी कर ली।
आरोप है कि चोरी के बाद लाबनी ने सोने की चेन अपने जीजा राम चंद्र सरकार को सौंप दी। पुलिस के अनुसार, राम चंद्र सरकार ने चोरी की चेन बेचने की तैयारी शुरू कर दी थी और उसकी पहचान छिपाने के लिए उसे गला दिया था।
कुछ दिनों बाद नरेंद्र नाथ दाम ने जरूरत पड़ने पर अलमारी खोली तो सोने की चेन और नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने सिलीगुड़ी थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आया लाबनी राय से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस को चोरी की पूरी कड़ी का पता चला।
इसके बाद पुलिस ने राम चंद्र सरकार की तलाश शुरू की और अभियान चलाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की चेन को गलाकर तैयार किया गया करीब 8 ग्राम सोना भी बरामद किया गया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने बरामद सोना नरेंद्र नाथ दाम को वापस सौंप दिया। चोरी का सामान वापस मिलने पर बुजुर्ग भावुक हो गए और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया।





