सिलीगुड़ी, 26 सितंबर (नि.सं.)। मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत खालपाड़ा चौकी पुलिस ने बीती देर रात हेमंत बसु कॉलोनी इलाके में छापेमारी कर 278 ग्राम ब्राउन शुगर और 5 लाख 8 हजार 750 रुपये नकद बरामद किए। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 4 का निवासी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर खालपाड़ा चौकी की टीम ने हेमंत बसु कॉलोनी स्थित प्रदीप प्रसाद के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और नकदी बरामद हुई। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, बरामद ब्राउन शुगर की बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर पहाड़ और सिक्किम में मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़ा था। साथ ही आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और मादक पदार्थों के कारोबार से उसके संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है। आज आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर पुलिस ने पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की है।





