फुलबाड़ी, 11 नवंबर (नि.सं.)। पति की मौत के महज दो महीने बाद गृहिणी की असामान्य परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान अंजली राय के रूप में हुई है। बुधवार सुबह फुलबाड़ी-2 के पुटिमारी डांगापाड़ा इलाके में घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, करीब दो महीने पहले हृदयाघात के कारण अंजली राय के पति की मौत हो गया था। इसके बाद से ही वह मानसिक अवसाद में थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात अपने कमरे में ही उनकी मौत हो गई। बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर परिवार के सदस्यों को संदेह हुआ। इसके बाद उनके बेटे और पड़ोसियों ने कमरे में जाकर देखा तो अंजली राय का शव पड़ा मिला।
सूचना मिलने पर न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया है कि दंपति का एक बेटा और एक बेटी थी। कुछ वर्ष पहले उनकी बेटी की भी मौत हो गई थी। मां की मौत के बाद परिवार का इकलौता बेटा बेसहारा हो गया है। घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।





