सिलीगुड़ी, 17 फरवरी (नि.सं)। विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध आग्नेयास्त्र के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात प्रधान नगर थाने की सादे कपड़ों में तैनात पुलिस टीम सर्किट हाउस मोड़ के पास नाका चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक तीन पहिया ऑटो में सवार एक युवक की गतिविधि संदिग्ध लगी। तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक आग्नेयास्त्र और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान एमडी फिरोज उर्फ राज के रूप में हुई है, जो कालिम्पोंग क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि वह यात्री के वेश में चेकपोस्ट से जंक्शन इलाके में किसी को आग्नेयास्त्र की डिलीवरी देने जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि हथियार कहां से लाया गया और इसे किसे सौंपा जाना था।
