सिलीगुड़ी, 17 फरवरी (नि.सं)। प्रधान नगर थाना की सादे कपड़ों में तैनात पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने से पहले ही 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात प्रधान नगर थाना की टीम जंक्शन इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुराने एसजेडीए कार्यालय के पास एक सुनसान स्थान पर 10-12 लोगों का समूह संदिग्ध हालत में खड़ा दिखा। पुलिस को शक होने पर जब घेराबंदी की गई तो कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि 7 बदमाशों को धर दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम सुनील तमांग, सुभाष उरांव, करण सुब्बा, पंकज सिंह, बिट्टू खान, धीरज शाह और अमर साहनी बताए गए है। सभी आरोपी सिलीगुड़ी के निवासी है। तलाशी और पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि गिरोह जंक्शन इलाके में चोरी और डकैती की योजना बना रहा था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ डकैती की साजिश रचने के आरोप में मामला दर्ज कर उन्हें सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच जारी है।
