राजगंज, 14 जुलाई (नि.सं.)। राजगंज के शाकिराजोत इलाके में तेंदुए के आतंक से दहशत का माहौल है। हालात को देखते हुए वन विभाग की ओर से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से इलाके के लोग तेंदुए के डर में जी रहे है। सोमवार को एक चाय बागान से गाय का शव बरामद होने के बाद तेंदुए के हमले की आशंका और बढ़ गई। इसके बाद मंगलवार को आमबाड़ी रेंज के वन विभाग ने इलाके में पिंजरा लगाया।
स्थानीय निवासी सागर राय ने बताया कि पिछले सप्ताह जब वह गाय लेकर घर लौट रहे थे, तब एक बछड़े पर तेंदुए ने हमला करने की कोशिश की थी, जिसमें बछड़ा मामूली रूप से घायल हो गया। इसके बाद से इलाके में डर का माहौल है। अभिभावक अपने छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और कई लोग बच्चों को स्कूल भेजने से भी डर रहे हैं।
स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद से ही आमबाड़ी रेंज के वनकर्मी और राजगंज थाने की पुलिस इलाके में नियमित गश्त कर रहे हैं। लेकिन सोमवार को फिर एक गाय की मौत के बाद तेंदुए की मौजूदगी को लेकर डर और बढ़ गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को चाय बागान के भीतर पिंजरा लगाया गया है। साथ ही, लोगों को सतर्क करने के लिए माइकिंग कर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बिना जरूरत जंगल या चाय बागान में न जाने की सलाह दी गई है।
बिट ऑफिसर भूपेंद्रनाथ शील ने कहा कि पहले की घटना के बाद से ही इलाके में निगरानी बढ़ाई गई है। सोमवार को एक गाय की मौत हुई है, जो प्रथम दृष्टया तेंदुए के हमले का मामला लग रहा है। इसलिए पिंजरा लगाया गया है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
