सिलीगुड़ी,14 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के एनजेपी थाना की सादे कपड़ों में तैनात पुलिस ने तीन महीने पहले चोरी हुई स्कूटी को बरामद कर लिया है। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 12 अप्रैल को कावाखाली इलाके से एक स्कूटी चोरी हो गई थी। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर एनजेपी थाना में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद से पुलिस लगातार जांच में जुटी रही।
करीब तीन महीने बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर एनजेपी रेलवे अस्पताल मोड़ इलाके में बीती रात अभियान चलाया गया। इस दौरान चोरी की स्कूटी बरामद कर ली गई और गणेश घोष नामक एक युवक को गिरफ्तार किया गया। आरोपी फूलबाड़ी-1 नंबर ग्राम पंचायत के छटपुकुर इलाके निवासी है। गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया जा सके।
