सिलीगुड़ी, 14 जुलाई (नि.सं.)। शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शुमार सेवक रोड पर बढ़ते ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के ट्रैफिक विभाग ने नई लेन व्यवस्था लागू की है। अब इस सड़क पर ऑटो और टोटो जैसी स्लो-मूविंग यात्री गाड़ियां बाईं लेन में ही चलेंगी, जबकि निजी कार, टैक्सी और अन्य फोर-व्हीलर वाहनों के लिए दाईं लेन निर्धारित की गई है।
ट्रैफिक विभाग का मानना है कि इस नई व्यवस्था से वाहनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होगी और लंबे समय से बनी जाम की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा। सेवक रोड पर बाजार, स्कूल, अस्पताल और दफ्तर होने के कारण दिनभर भारी ट्रैफिक रहता है, जिससे बार-बार लेन बदलने और यात्रियों को चढ़ाने-उतारने के दौरान जाम की स्थिति बन जाती है।
नई व्यवस्था के तहत सड़क पर बनी सफेद लाइन के बाईं ओर केवल ऑटो-टोटो चलेंगे, जबकि दाईं ओर अन्य वाहन। इससे अनावश्यक कटिंग कम होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी।
इस पहल को सफल बनाने के लिए ट्रैफिक डीसीपी काजी शम्सुद्दीन अहमद और एसीपी सुबीर दत्त के निर्देश पर पानीटंकी ट्रैफिक गार्ड के ओसी स्वपन राय अपनी टीम के साथ लगातार अभियान चला रहे हैं। जबकि माइकिंग के जरिए भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
