सिलीगुड़ी, 5 मार्च (नि.सं)। होली की रात प्रधान नगर थाना की सफेद पोशाक पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जंक्शन एसएनटी इलाके में होने वाली हथियार तस्करी की योजना को विफल कर करते हुए एक युवक को रंगे हाथ आग्नेयास्त्र के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक का नाम मुकेश विश्वकर्मा है। वह सिक्किम का निवासी बताया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले सिलीगुड़ी में हथियारों का बाजार गर्म हो चुका है। इसलिए सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस चुनाव के मद्देनजर अपनी सुरक्षा व्यवस्था और नजरदारी को काफी मजबूत कर दी है। जिसके कारण विगत 15 दिनों के अंदर सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के प्रधान नगर थाने की सफेद पोशाक पुलिस ने तीन आग्नेयास्त्र और जिंदा कारतूस के साथ अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बीते कल देर रात पुलिस को गुप्त सूत्रों से खबर मिली कि एसएनटी इलाके में एक युवक हथियार लेकर घूम रहा है। इसके बाद प्रधान नगर थाना की सफेद पोशाक पुलिस ने अभियान चलाते हुए मुकेश विश्वकर्मा को संदेह के आधार पर पकड़ कर उसकी तलाशी ली। इस दौरान उसके कमर से देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। प्राथमिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि आरोपी ने झारखंड से हथियार मंगा कर बीते कल रात एसएनटी इलाके में बिक्री करने वाला था। लेकिन इससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आज आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर रिमांड की मांग गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी मुकेश विश्वकर्मा इससे पहले भी कई बार आपराधिक मामलो में गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
