खोरीबाड़ी में हाइट बार टूटने से बड़ा हादसा टला, चार पहिया वाहन चालक बाल-बाल बचा

सिलीगुड़ी, 5 मार्च (नि.सं)। खोरीबाड़ी क्षेत्र में राज्य सड़क पर लगे हाईट बार के टूट जाने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस घटना में चार पहिया वाहन का चालक बाल-बाल बच गया। घटना घोषपुकुर-खोरीबाड़ी राज्य सड़क के थाना झोड़ा इलाके की है।जानकारी के अनुसार, एक चार पहिया वाहन शादी समारोह से लौट रहा था। उसी समय एक कंटेनर ट्रक घोषपुकुर की ओर जा रहा था। खोरीबाड़ी के थाना झोड़ा मोड़ पर प्रशासन द्वारा लगाए गए हाइट बार से कंटेनर की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोहे का हाईट बार टूटकर पीछे आ रही चार पहिया गाड़ी के ऊपर गिर गया। गनीमत रही कि इस घटना में चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गया। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन ने 15 टन से अधिक भार वाले मालवाहक वाहनों को रोकने के लिए यहां हाइट बार लगाया था, लेकिन रात होते ही भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है।
घटना की सूचना मिलते ही खोरीबाड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कंटेनर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *