सिलीगुड़ी, 15 नवंबर(नि.सं)। लोन देने के नाम पर धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। घटना से डाबग्राम-2 नंबर अंचल के हटियाडांगा इलाके में काफी तनाव फैल गया। शुक्रवार रात स्थानीय लोगों ने एक महिला और एक युवक को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, महिला सिलीगुड़ी के वार्ड 36 में किराए के मकान में रहती है। जबकि युवक का घर घोघामाली इलाके में है। कथित तौर पर इन दोनों ने लोन दिलाने का झांसा देकर कई लोगों से लाखों रुपये ऐंठ लिए थे। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों पर नजर रखने लगे। शुक्रवार रात स्थानीय लोगों ने दोनों को इलाके में पकड़ लिया। जिसके बाद गुस्साए लोगों ने दोनों को जमकर पिटाई शुरू कर दी। बाद में आशीघर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आशीघर चौकी में महिला और युवक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसी शिकायत के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। शनिवार को गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों की मांग है कि उनके रुपया जल्द से जल्द वापस किए जाये। साथ ही अगर इस घोटाले में कोई और भी शामिल है, तो उसकी भी पहचान करके कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
