सिलीगुड़ी में चुनाव नतीजों से पहले आया 28 टन अबीर-गुलाल, रंगों का बाजार गर्म

सिलीगुड़ी, 3 मई (नि.सं.)।बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों का इंतजार अब सिर्फ एक रात का रह गया है। अगले 24 घंटे में यह साफ हो जाएगा कि सत्ता की बाज़ी किसके हाथ लगेगी। इससे पहले ही शहर में जश्न की तैयारियां जोरों पर हैं। चुनाव परिणाम को लेकर सिलीगुड़ी का बाजार रंगों से पूरी तरह सज चुका है। गेरुआ, हरा, पीला और लाल रंग के अबीर-गुलाल की मांग तेजी से बढ़ी है और दुकानों में रंगों का स्टॉक भर चुका है। व्यवसायियों के अनुसार, इस बार करीब 28 टन अबीर-गुलाल मंगवाया गया है। महावीर स्थान के रंग कारोबारियों ने बताया कि दो ट्रक में आए इस स्टॉक में से अब तक 15 से 18 टन रंगों की बिक्री हो चुकी है। मांग के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार करीब 60 प्रतिशत तक गेरुआ (भगवा) रंग की डिमांड देखी जा रही है, जबकि लगभग 40 प्रतिशत मांग हरे रंग की है। डुवार्स और पहाड़ी क्षेत्रों से भी गेरुआ रंग की मांग ज्यादा बताई जा रही है। हालांकि, दार्जिलिंग से इस बार अब तक किसी भी रंग की मांग नहीं आने से व्यापारी हैरान हैं, क्योंकि आमतौर पर सबसे ज्यादा ऑर्डर वहीं से मिलता था। व्यवसायियों का कहना है कि चुनाव नतीजे आने के बाद ही यह साफ होगा कि इस बार सड़कों पर सबसे ज्यादा कौन सा रंग उड़ता नजर आएगा। फिलहाल बाजार पूरी तरह तैयार है और सभी की नजरें परिणाम पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *