नक्सलबाड़ी में सरकारी सड़क पर कब्जा कर सीमा दीवार निर्माण का आरोप

नक्सलबाड़ी, 10 फरवरी(नि.सं.)। नक्सलबाड़ी में सरकारी सड़क पर कब्जा कर सीमा दीवार निर्माण का गंभीर आरोप सामने आया है। बताया जा रहा है कि नक्सलबाड़ी के मनीराम ग्राम पंचायत अंतर्गत नेहालजोत आंगनवाड़ी केंद्र तक जाने वाली सरकारी सड़क पर एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से सीमा दीवार का निर्माण किया गया है।
इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने मनीराम ग्राम पंचायत में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत प्रधान गौतम घोष मौके पर पहुंचे। इस दौरान प्रधान और कथित कब्जाधारी के बीच तीखी बहस हो गई, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। हालात बिगड़ते देख नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। हालांकि, आरोपों को खारिज करते हुए चित्र कामी नामक व्यक्ति का दावा है कि उसने अपनी ही जमीन पर ईट की दीवार का निर्माण किया है।वहीं, मनीराम ग्राम पंचायत प्रधान गौतम घोष ने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर पुलिस और ब्लॉक प्रशासन में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी।


 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *