उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
फूलबाड़ी में “सरकारी काम” के नाम पर मिट्टी की हेराफेरी का आरोप, डंपर रोककर लोगों का प्रदर्शन
सिलीगुड़ी, 6 मई (नि.सं.)। उत्तरकन्या के पास महानंदा नदी से सरकारी काम के लिए निकाली जा रही फिलिंग मिट्टी के कथित अवैध परिवहन को लेकर बुधवार को फूलबाड़ी इलाके में तनाव फैल गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बागडोगरा एयरपोर्ट के निर्माण कार्य के लिए मिट्टी उठाने की अनुमति दी गई थी, लेकिन उस मिट्टी का बड़ा हिस्सा तय स्थान पर न जाकर फूलबाड़ी, जोटियाकाली समेत अन्य इलाकों में ले जाया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, प्रशासन ने कहा था कि यह मिट्टी एयरपोर्ट प्रोजेक्ट में इस्तेमाल होगी। लेकिन लोगों का दावा है कि कुछ ही डंपर एयरपोर्ट की ओर जाते हैं, जबकि अधिकांश वाहन रास्ता बदलकर अन्य जगहों पर चले जाते हैं। इससे सरकारी परियोजना के नाम पर मिट्टी की हेराफेरी और अवैध डंपिंग की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सरकारी काम के लिए मिट्टी लेने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन कई डंपर वैध रॉयल्टी या जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा पा रहे हैं। उन्होंने सभी वाहनों के कागजात सार्वजनिक करने की मांग की है।
लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि अगर मिट्टी वास्तव में सरकारी काम के लिए है, तो इतनी बड़ी संख्या में डंपर फूलबाड़ी और जोटियाकाली की ओर क्यों जा रहे हैं। लगातार भारी वाहनों के चलने से इलाके की सड़कें भी खराब हो गई हैं, जिसकी मरम्मत की मांग की गई है।
घटना से नाराज होकर स्थानीय लोगों ने डंपरों को रोककर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की।
हालांकि, सरकारी काम के नाम पर मिट्टी की कथित अवैध ढुलाई के मामले में पूरी जांच की मांग की जा रही है।
