सिलीगुड़ी, 30 अक्टूबर (नि.सं.)। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने और भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील सूचनाएं साझा करने के आरोप में पंजाब पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन सेल ने हाशिमारा से सेना के जवान राजबीर सिंह को गिरफ्तार किया है। वह पंजाब के तरनतारन जिले के रसूलपुर गांव का निवासी है और 15 जैक राइफल्स में तैनात था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सेना की छावनियों से जुड़ी गोपनीय जानकारियां आईएसआई तक पहुंचाने का आरोप है। इस मामले में 8 अक्टूबर 2026 को फाजिल्का के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल में आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पंजाब पुलिस को दो दिनों की ट्रांजिट रिमांड दे दी। निर्देश के अनुसार, आरोपी को 1 नवंबर को फाजिल्का के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया जाएगा। इसके बाद पंजाब पुलिस उसे लेकर रवाना हो गई। मामले में कथित जासूसी नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच जारी है।




