आमबाड़ी, 10 नवंबर (नि.सं.)। श्यामा पूजा के अवसर पर आमबाड़ी शक्ति सोपान क्लब की ओर से चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्लब मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में नन्हे कलाकारों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने रंगों के माध्यम से मां काली के विभिन्न स्वरूपों को कागज पर उकेरा। बच्चों का उत्साह और उमंग देखते ही बन रहा था।
क्लब के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष श्यामा पूजा के अवसर पर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में छिपी प्रतिभा को सामने लाना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर बच्चे भी काफी खुश नजर आए।
वहीं, क्लब की इस पहल से अभिभावक भी उत्साहित हैं। उनका कहना है कि पढ़ाई के साथ इस तरह की सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों की प्रतिभा के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।




