जलपाईगुड़ी, 26 सितंबर (नि.सं.)। जलपाईगुड़ी के नयाबस्ती इलाके में एक बेकरी के मैनेजर की हत्या के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नूर आलम शेख के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मुर्शिदाबाद से गिरफ्तार किया है। शनिवार को पुलिस आरोपी को मुर्शिदाबाद से जलपाईगुड़ी लेकर पहुंची।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नयाबस्ती इलाके में बेकरी मैनेजर हाफिजुर रहमान की हत्या के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। बेकरी में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान नूर आलम शेख की पहचान की गई। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी हत्या के बाद मुर्शिदाबाद फरार हो गया है।
इसके बाद मुर्शिदाबाद पुलिस की मदद से वहां अभियान चलाकर नूर आलम शेख को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के साथ ही वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं यह भी जांच कर रही है।





