जानकारी के अनुसार, रोजी-रोटी की तलाश में बांग्लादेश छोड़कर अब्दुर रहीम अपने दो साथियों मोहम्मद जिन्नत और मोहम्मद हुसैन के साथ गाजोलडोबा पहुंचे हैं। बांग्लादेश के राजशाही निवासी अब्दुर रहीम पिछले 13 वर्षों से हर सर्दी के मौसम में यहां आकर खजूर का गुड़ बनाते रहे हैं। हालांकि, बांग्लादेश की राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव और वीजा संबंधी समस्याओं के कारण पिछले दो वर्षों से वह भारत नहीं आ सके थे। इस बार वैध वीजा बनवाकर वह अपने दो साथियों के साथ फिर से गाजोलडोबा लौटे हैं।
अब्दुर रहीम के मुताबिक, इस बार तीनों ने मिलकर करीब 120 से 125 खजूर के पेड़ लिए हैं। इन पेड़ों से प्रतिदिन लगभग 250 से 300 किलोग्राम रस एकत्र किया जाता है, जिससे करीब 50 से 60 किलोग्राम खजूर का गुड़ तैयार होता है। उनके हाथों से तैयार गुड़ जलपाईगुड़ी, सिलीगुड़ी और उदलाबाड़ी समेत उत्तर बंगाल के विभिन्न बाजारों में बेचा जा रहा है। उन्होंने बताया कि बाजार में उनके बनाए गुड़ की अच्छी मांग है।
खास बात यह है कि ये कारीगर अवैध तरीके से नहीं, बल्कि वैध वीजा लेकर बांग्लादेश से भारत आते हैं। वर्षों से सीमा के आर-पार उनका यह मौसमी सफर आजीविका का अहम हिस्सा बना हुआ है। सर्दियों के मौसम में इन्हीं कारीगरों की मेहनत से उत्तर बंगाल के बाजारों तक खजूर के स्वादिष्ट गुड़ की मिठास पहुंचती है।





