नक्सलबाड़ी, 17 नवंबर (नि.सं.)। वन्यजीवों की निगरानी के लिए वनकर्मियों को दिन-रात घने जंगलों में ड्यूटी करनी पड़ती है। साल के हर दिन जंगलों की सुरक्षा में तैनात रहने के दौरान कई बार उन्हें अपनी सेहत तक का ध्यान रखने का मौका नहीं मिलता। ऐसे में वनकर्मियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण प्रेमी संगठन जाम्बू ट्रूप्स की ओर से कार्सियांग वन विभाग के टुकरीझार रेंज में एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में टुकरीझार रेंज के वनकर्मियों ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञ डॉक्टरों की मौजूदगी में आयोजित शिविर के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीके बताए गए। इसमें हाथी के हमले, सांप के काटने और पैनिक अटैक जैसी स्थितियों में क्या करना चाहिए, इसका प्रशिक्षण दिया गया।
इसके अलावा, जंगल के अंदर किसी वनकर्मी को पैनिक अटैक आने या अचानक स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति पैदा होने पर सीपीआर (CPR) कैसे दिया जाए, इसका भी प्रदर्शन किया गया।
पर्यावरण प्रेमी संगठन के अनुसार, इस शिविर का मुख्य उद्देश्य फ्रंटलाइन वनकर्मियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करना है।
वहीं, टुकरीझार वन विभाग के रेंजर ने बताया कि इस शिविर के माध्यम से कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई हैं, जो वनकर्मियों के लिए ड्यूटी के दौरान काफी उपयोगी साबित होंगी।
वनकर्मियों ने भी कहा कि इस तरह के शिविर से उन्हें काफी लाभ मिलेगा और आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर तरीके से काम करने में मदद मिलेगी।





