नक्सलबाड़ी, 18 नवंबर (नि.सं.)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मादक पदार्थों की तस्करी की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। इस मामले में ब्राउन शुगर और प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। घटना नक्सलबाड़ी के बेंगाईजोत इलाके की है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात भारत-नेपाल सीमा से सटे 327 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मादक पदार्थों की खेप की अदला-बदली की योजना बनाई गई थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर नक्सलबाड़ी थाने की सादे कपड़ों में मौजूद पुलिस टीम ने इलाके में अभियान चलाया। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके जवाबों में विरोधाभास मिलने पर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 29 ग्राम ब्राउन शुगर और 15 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नक्सलबाड़ी निवासी स्वपन बर्मन के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल था। इससे पहले भी गांजा और ब्राउन शुगर बेचने के आरोप में उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है। बुधवार को आरोपी को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया। पूरे मामले की जांच नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस कर रही है।




