खोरीबाड़ी, 4 नवंबर (नि.सं.)। दीपावली से पहले प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। प्रशासनिक निर्देशों के बावजूद दुकान में प्रतिबंधित पटाखों का कारोबार करने के आरोप में पानीटंकी चौकी की पुलिस ने एक गोदाम में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए हैं। इस मामले में एक कारोबारी को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पानीटंकी चौकी की पुलिस ने पहले कारोबारी की दुकान और फिर उसके गोदाम में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने कुल 300 पैकेट प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जब्त पटाखों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 लाख रुपये है। गिरफ्तार कारोबारी की पहचान विकास आचार्य के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उसे गुरुवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दीपावली के दौरान प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर निगरानी जारी रहेगी।




