सिलीगुड़ी, 4 नवंबर (नि.सं.)। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए प्रधाननगर थाने की पुलिस ने 47 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद नासिरुद्दीन (35) के रूप में हुई है। वह दामराग्राम का निवासी बताया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर बीती रात प्रधाननगर थाने की पुलिस ने दागापुर चाय बागान इलाके में रेलवे लाइन के पास अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने एक काले रंग की मोटरसाइकिल के साथ व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 47 ग्राम ब्राउन शुगर और वजन मापने की एक छोटी मशीन बरामद हुई। जिसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





