सिलीगुड़ी, 4 नवंबर (नि.सं.)। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा नगर निगम के निरीक्षण के दौरान नागरिक सेवाओं को लेकर नाराजगी जताए जाने के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। बुधवार सुबह से ही सिलीगुड़ी में तीन दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान शुरू कर दिया गया है।
इस अभियान के तहत पांच विशेष टीमों का गठन कर शहर के विभिन्न इलाकों में साफ-सफाई और कचरा हटाने का काम शुरू किया गया है। नगर निगम प्रशासक आर. विमला ने स्वयं अभियान की कमान संभाली है और विभिन्न इलाकों में पहुंचकर सफाई कार्यों का जायजा लिया।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से शहर की नागरिक सेवाओं को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थी। विभिन्न इलाकों में कचरे का ढेर, गंदी सड़कें और नियमित सफाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी थी। इसी बीच मंगलवार को मुख्यमंत्री शहर की नागरिक सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने नगर निगम पहुंचे थे।
इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नागरिक सेवाएं सुचारू रखने और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही काली पूजा से पहले पूरे शहर में कचरा हटाने और स्वच्छता सुनिश्चित करने पर जोर दिया था।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बुधवार सुबह से ही विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। शहर की विभिन्न गलियों और प्रमुख इलाकों में जमा कचरे की सफाई के लिए पांच विशेष टीमों को लगाया गया है।
इस संबंध में नगर निगम प्रशासक आर. विमला ने बताया कि मंगलवार की बैठक के बाद ही 72 घंटे का विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। अभियान समाप्त होने के बाद भी यह निगरानी की जाएगी कि कहीं दोबारा कचरा जमा तो नहीं हो रहा है।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि यदि कहीं कचरा जमा होने या गंदगी की समस्या दिखाई देती है, तो इसकी जानकारी नगर निगम के निर्धारित व्हाट्सएप नंबर या वेबसाइट के माध्यम से दें।





