खोरीबाड़ी, 4 नवंबर (नि.सं.)। नदी से अवैध रूप से बालू निकालकर तस्करी करने के दौरान पुलिस की गाड़ी देखकर चालक बालू लदे ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गए। दो अलग-अलग घटनाओं में खोरीबाड़ी थाने की पुलिस ने बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार, खोरीबाड़ी की स्वर्णमती नदी से बालू निकालकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान भालुकगाड़ा सड़क पर पुलिस की गाड़ी देखते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया।
वहीं, दूसरी घटना में खोरीबाड़ी के भूलका इलाके में मेची नदी के पास पुलिस ने अभियान चलाया। पुलिस को देखते ही यहां भी चालक बालू लदा ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
दोनों घटनाओं में पुलिस ने कुल दो बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किए हैं। अवैध बालू तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस और भूमि विभाग की ओर से निगरानी बढ़ा दी गई है।





