सिलीगुड़ी, 4 नवंबर (नि.सं.)। काली पूजा में अब कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में सिलीगुड़ी का मिलनपल्ली इलाका उत्सव के रंग में रंगने लगा है। इस वर्ष मिलनपल्ली तरुण संघ की काली पूजा 25वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। रजत जयंती वर्ष को यादगार बनाने के लिए पूजा आयोजकों की ओर से कई विशेष आकर्षणों की व्यवस्था की गई है।
इस बार पूजा का मुख्य आकर्षण भव्य विद्युत सज्जा और मनमोहक लेजर शो होगा। इसके साथ ही मां काली की प्रतिमा में भी विशेष परिकल्पना देखने को मिलेगी। मां श्यामा की गोद में एक ओर भगवान गणेश और दूसरी ओर भगवान कार्तिकेय विराजमान रहेंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि प्रतिमा की यह अनूठी परिकल्पना श्रद्धालुओं और दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित करेगी।
वहीं, पूजा के 25 वर्ष पूरे होने को लेकर कमेटी के सदस्यों में खासा उत्साह और उमंग है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस वर्ष पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक मिलनपल्ली पहुंचेंगे।





