सिलीगुड़ी, 4 नवंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के अंबिकानगर इलाके में एक युवक पर धारदार हथियार से हमला करने के आरोप में न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात अंबिकानगर इलाके के एक मैदान में रवि वर्मन खड़े थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ बाहरी युवक वहां पहुंच गया। अचानक उनमें से एक युवक ने धारदार हथियार से रवि पर वार कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
हमले की घटना देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आते देख आरोपी भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, स्थानीय निवासियों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में उससे पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी का पता लगाया और उसे भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की शर्मा और शानू विश्वास के रूप में हुई है। दोनों दक्षिण अंबिकानगर के निवासी बताए गए हैं। बुधवार को दोनों आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





